देवास में स्वामी विवेकानंद जयंती ‘युवा दिवस’ के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय देवास में हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे-मातरम और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन भी हुआ। यह आयोजन प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी प्रदेश वासियों को संबोधित किया। जनप्रतिनिधियों से नहीं हुआ योग
हालांकि, स्कूली विद्यार्थियों की तुलना में शहर के जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण सूर्य नमस्कार ठीक से नहीं कर पाए। वहीं, स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह और सही तरीके से सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया। कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी सूर्य नमस्कार की पूरी स्टेप नहीं कर पाए। मध्य प्रदेश में साल 2007 से शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के माध्यम से सामूहिक सूर्य नमस्कार का यह कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित होता रहा है। बीजेपी जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव कहा कि यदि बच्चे स्वामी विवेकानंद को आदर्श मानते हुए सूर्य नमस्कार और प्राणायाम को अपने जीवन में अपनाएंगे, तो वे स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे, जिससे उनका मन पढ़ाई में भी लगेगा।


