भास्कर न्यूज | बाड़मेर नागरिक अधिकारों, लोकतांत्रिक जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जन- न्याय- अधिकार पुस्तक का विमोचन तथा आरटीआई, मानवाधिकार एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं का स्नेह मिलन समारोह बाड़मेर में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत जिला न्यायाधीश मांगीलाल गौड़ रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंचायती राज विभाग नरपत सिंह भाटी ने की। विशिष्ट अतिथि दीपसिंह भाटी, शिक्षाविद् बालसिंह राठौड़, अधिवक्ता सुरेन्द्र बाघमलानी तथा जिला अधिवक्ता संघ के कोषाध्यक्ष गौरव खत्री उपस्थित रहे। अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र लहुआ ने बताया कि यह आयोजन राजस्थान जन अधिकार मंच के तत्वावधान में तथा राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक एवं मानवाधिकार संगठन के सहयोग से संपन्न हुआ । उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बालोतरा, जालोर, पाली, चित्तौडगढ़ और जयपुर से आए कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने इसे राज्यस्तरीय स्वरूप प्रदान किया। जन- न्याय- अधिकार पुस्तक के लेखक भगवानसिंह लाबराऊ ने कहा कि यह पुस्तक आम नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों, सूचना का अधिकार प्रशासनिक पारदर्शिता, लोकसेवा गारंटी कानूनों और सरकारी जवाबदेही से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं व्यवहारिक भाषा में उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि नागरिकों को जागरूक, संगठित और अधिकारों के प्रति सक्रिय बनाना है ताकि जनहित के मुद्दों को मजबूती मिल सके। समारोह के दौरान उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं को जनहित, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार विरोधी संघर्ष के लिए शपथ दिलाई। राजस्थान जन अधिकार मंच के औपचारिक गठन की घोषणा करते हुए प्रत्येक गांव और मोहल्ले में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। मंच की ओर से सूचना का अधिकार, सुनवाई का अधिकार, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और भ्रष्टाचार विरोधी जनजागरण अभियान संचालित किए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त बनता है, जब नागरिक जागरूक हों और प्रशासन जवाबदेह हो। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं तथा जनआंदोलनों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं । कार्यक्रम के अंत में आपसी संवाद, विचार–विमर्श और सहयोग की भावना के साथ स्नेह मिलन संपन्न हुआ।


