रांची/जमशेदपुर | राज्यपाल संतोष गंगवार चार फरवरी को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस में कार्यक्रम होगा। दीक्षांत समारोह की तैयारियों को प्रशासन अंतिम रूप दे रहा है। डीसी-एसएसपी ने अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ रविवार को आयोजन स्थल का जायजा लिया। डीसी अनन्य मित्तल ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे पंडाल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।


