जमशेदपुर में बस ने ली किशोरी की जान:रेलवे फाटक पर लुढ़कती बस ने स्कूटी को रौंदा, 16 वर्षीय किशोरी की मौत, बच्चा गंभीर

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी गोरा रेल फाटक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रहारगोरा से साकची जा रही भोले शंकर बस ने पीछे खड़ी स्कूटी को चपेट में ले लिया, जिसमें स्कूटी चला रही 16 वर्षीय किशोरी अंजली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बड़ी गोरा रेल फाटक बंद होने के कारण बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बस चालक और खलासी चाय पीने के लिए बस छोड़कर चले गए। हैरानी की बात यह रही कि बस में न तो हैंड ब्रेक लगाया गया था और न ही बैक गियर डाला गया था। कुछ ही देर में पीछे ढलान की ओर बस लुढ़कने लगी। इसी बीच सीधे पीछे खड़ी स्कूटी को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीन बहनों में सबसे बड़ी थी किशोरी मृतका के पिता ने बताया कि अंजली तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी। उसकी असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और लापरवाह बस चालक व खलासी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बड़ी गोरा रेल फाटक को जाम कर दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन लापरवाही से वाहन खड़े किए जाते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *