भास्कर न्यूज | अमृतसर कत्थूनंगल थाना के तहत आते गांव मांगासराए में जमीनी विवाद में नंबरदार की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड जारी है। मृतक के भाई मनिंदर सिंह ने बताया कि खेतीबाड़ी का काम करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे छोटा भाई जसपाल सिंह खेतों में गेहूं को पानी लगाने गया था। दोपहर करीब 3-4 बजे गांव वालों ने सूचना दी कि कुछ लोग हथियारों सहित उनके खेतों के आसपास संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। मनिंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर ताया के बेटे गुरजीत सिंह के साथ खेतों के नजदीक पहुंचे तो देखा कि गांव के ही निवासी रंजीत सिंह उर्फ फौजी अपने साथी मुख्तियार सिंह के साथ वहां मौजूद था। इतने में रंजीत सिंह उर्फ फौजी ने जसपाल सिंह पर गोली चला दी, जो उसके सिर में लगी। जसपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा आरोपी मुख्तियार सिंह मौके से जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपने साथियों के साथ वहां से भाग गया। पीड़ित मनिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके और आरोपियों के बीच पिछले कुछ समय से जमीन की हिस्सेदारी और गांव की गली-नाली से पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने जसपाल सिंह की जान ले ली।


