ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित ओरमांझी पार्क से डहु जाने वाले रास्ते में कट्टा व गोली के साथ पकड़े जाने के बाद एक जमीन कारोबारी ने अपने ही पार्टनर पर फंसाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच का पुलिस से आग्रह किया। पुलिस ने जब गहनता से मामले की जांच की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए और पकड़े गए जमीन कारोबारी का बात पूरी तरह से सच निकली। इसके बाद जमीन कारोबार में हुए मुनाफे का 10 लाख हड़पने के लिए पार्टनर के बाइक की डिक्की में कट्टा व गोली रखकर जेल भिजवाने का प्लान रचने वाले जमीन कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशीष कुमार पांडे है और वह मूल रूप से गढ़वा के पुरानी बाजार का रहने वाला है। वर्तमान में मोरहाबादी स्थित किराए के घर में रहता था। पुलिस ने आरोपी आशीष पांडे और उसके सहयोगी राहुल कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है। पार्टनर को होटल बुलाया और बाइक में रखवा दिया हथियार एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि देवी मंडप रोड निवासी निरंजन कुमार के किसी परिचित का नेवरी विकास में 15 डिसमिल जमीन की बिक्री करनी थी। आशीष पांडे ने इसे बेचने की बात कही थी। हालांकि खरीदार से वह ज्यादा पैसा लिया था। जमीन कारोबार से मिले मुनाफे का वह 10 लाख हड़पना चाहता था। यही वजह है कि आशीष ने अपने ही पार्टनर निरंजन को जेल भेजने का प्लान तैयार किया था। तय प्लानिंग के तहत वह 23 जुलाई की दोपहर लगभग 3.30 से 4 बजे के बीच एक दूसरे जमीन की बिक्री करने के बारे में बातचीत करने के लिए मोरहाबादी स्थित पार्क प्राइम होटल बुलाया था। वहां जैसे ही अपनी बाइक जेएच 01 एफसी 1079 को खड़ी कर जैसे ही अंदर गए, आशीष अपने सहयोगियों के माध्यम से डिक्की में हथियार रखवा दिया। आरोपी आशीष ने सहयोगी से 7 हजार में खरीदा था कट्टा पुलिस ने जब वहां जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पूरा मामला सही पाया गया आैर दो व्यक्ति डिक्की में हथियार रखते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार पांडे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आशीष ने पूरी घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है आैर बताया है कि अपने सहयोगी राहुल कुमार तिवारी के माध्यम से 7 हजार में कट्टा खरीदा था।


