रांची | पीएमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश की अदालत में शनिवार को बड़गांई अंचल के 8.46 एकड़ जमीन घोटाला मामले में चार्जशीटेड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित 12 आरोपियों ने हाजिरी लगाई। जेल में बंद आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। जबकि जमानत पर चल रहे आरोपियों की ओर से खुद आरोपी या उनके अधिवक्ता ने कोर्ट में उपस्थित होकर हाजिरी दी। मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमानत पर चल रहे हैं। उनकी ओर से वकील ने हाजिरी लगाई। पेशी के बाद अदालत ने हेमंत सोरेन, बड़गांई अंचल के निलंबित राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद, झामुमो नेता अंतु तिर्की, मो. सद्दाम, अफसर अली, विपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, इरशाद अख्तर, शेखर कुशवाह, हजारीबाग के कोर्ट कर्मी इरशाद, कोलकाता के रजिस्ट्रार ऑफ एश्योरेंस के कर्मी तापस घोष और चौकीदार संजीत कुमार की न्यायिक हिरासत अवधि 18 जनवरी तक बढ़ा दी है।


