जांजगीर| अकलतरा पुलिस ने जेएसडब्ल्यू प्लांट नरियरा के मेन गेट पर बार-बार धरना-प्रदर्शन कर आवागमन बाधित करने और अवैध रूप से पैसों की मांग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों के नाम पर प्लांट में कोई भी जमीन अधिग्रहित नहीं हुई थी। इसके बावजूद ग्रामीणों को गुमराह कर आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सत्यप्रकाश निर्मलकर (32) निवासी नरियरा थाना मुलमुला और ज्योति नोरगे (33) निवासी ग्राम रोगदा थाना अकलतरा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ थाना अकलतरा में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि थाना मुलमुला में ठगी का मामला है। 22 दिसंबर को दोनों ने जेएसडब्ल्यू प्लांट के मेन गेट पर धक्का-मुक्की कर जबरन घुसने का प्रयास किया। गार्ड और कर्मचारियों के मना करने पर गाली-गलौज की। दोनों मेन गेट पर बैठ गए और वाहनों का आवागमन बंद करा दिया। इससे प्लांट में मजदूरों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।जांच में सामने आया कि कंपनी प्रबंधन ने कई बार आरोपियों से बातचीत कर समस्या सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली पर अड़े रहे।


