पिस्का मोड़ में तेल मिल गली में शनिवार रात 10:15 बजे दो गुट भिड़ गए। फायरिंग हुई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। एक गुट के विकास सिंह व उसके भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली को गोली लगी है, जबकि दूसरे गुट का रवि यादव घायल है। दोनों भाइयों को सदर अस्पताल में इलाज कराने के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। वहीं रवि का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक प्लॉट बिक्री के बाद पैसों के बंटवारे में दोनों गुटों में भिड़ंत हुई। एक गुट से संदीप थापा का गुर्गा और दूसरे गुट से ये दोनों भाई वहां पहुंचे थे। अचानक फायरिंग शुरू हो गई। विकास को तीन गोली लगी। दो छाती में और एक हाथ में। वहीं आकाश को हाथ में और रवि यादव को आंख के पास गोली लगी है। पुलिस को घटनास्थल से 10 खोखे मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर से भाग रहे चार अपराधी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद फायरिंग करने वाले चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनसे हथियार भी बरामद हुए हैं। ये सभी रिंग रोड से शहर से भाग रहे थे। पुलिस ने पीछा कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इनसे पूछताछ कर गोलीकांड में शामिल अन्य अपराधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इनसे मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने देर रात कई जगहों पर छापेमारी भी की।


