दौसा जिले से गुजर रहे जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे 21 पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटनाक्रम शनिवार देर शाम मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में ठीकरिया चौराहे के पास हुआ। जहां हाईवे पर बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना पर बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सिकराय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना पर मौके पर पहुंचे तो वहां क्षतिग्रस्त हालत में बाइक व घायल मिले। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायल एक युवक की मौत हो गई, जिसकी पहचान महवा क्षेत्र के हुड़ला गांव निवासी नितिन मीणा (26) के रूप में हुई है। जबकि तीन अन्य घायलों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। युवक के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। जिसे रविवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।


