जयपुर के 9 छात्रों ने 225 किमी दौड़ लगाई:श्योपुर पहुंचकर 26/11 शहीदों को श्रद्धांजलि दी

रॉयल सैनिक कैंपस जयपुर के नौ छात्रों ने 26/11 मुंबई हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए 225 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। ये छात्र शनिवार को श्योपुर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। गांधी पार्क पहुंचकर सभी छात्रों ने 26/11 के वीर शहीदों को नमन किया और राष्ट्र की सुरक्षा के संकल्प को दोहराया। दौड़ में राज्यवर्धन सिंह, कुलदीप चौधरी, अरबाज खान, संग्राम सिंह, जयदीप पाराशर, अमृत ठाकुर, कपिल राठौर और प्रियांशु मलिक शामिल थे। इन छात्रों ने जयपुर से दौड़ शुरू की और लगातार कई घंटों की कठिन यात्रा के बाद श्योपुर पहुंचे। इस दौरान उनके डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह शेखावत लगातार साथ रहकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे। छात्रों ने बताया कि यह दौड़ केवल खेल भावना नहीं, बल्कि उन वीरों को सम्मान देने का प्रतीक है, जिन्होंने 26/11 हमले में देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। नगर में छात्रों को सम्मान श्योपुर में प्रवेश करते ही नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने इन छात्रों का स्वागत किया। रास्ते भर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई, मिठाई बांटी गई और उन्हें सम्मान-पत्र भी भेंट किए गए। श्योपुर में छात्रों के रात्रि विश्राम और भोजन की व्यवस्था कोमल किन्नर के आश्रम पर की गई है। आश्रम प्रबंधन ने इस पहल को देशभक्ति की अनूठी मिसाल बताते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इन युवाओं की यह 225 किलोमीटर की दौड़ शहीदों को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल है, जो समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और समर्पण का संदेश देती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *