जयपुर समेत प्रदेश के दूसरे शहरों में ग्रुप-2 के डॉक्टर्स को सीधे एसोसिएट प्रोफेसर बनाने के लिए शुरू हुई प्रक्रिया के खिलाफ आंदोलन कर रहे डॉक्टर्स (मेडिकल कॉलेजों के टीचर्स) 23 सितंबर को रैली निकालेंगे। इस दौरान एसएमएस हॉस्पिटल के अलावा जनाना, महिला चिकित्सालय, गणगौरी, जे.के. लोन, सुपर स्पेशियलिटी समेत एसएमएस मेडिकल कॉलेज से अटैच अन्य हॉस्पिटल के डॉक्टर्स इस रैली में शामिल होंगे। इस रैली के चलते 23 सितंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक डॉक्टर्स कार्य बहिष्कार करेंगे। अभी ये फेकल्टी डॉक्टर एसएमएस हॉस्पिटल में पिछले 11 दिन से लगातार धरना दे रहे है। इसके अलावा वे रोजाना 2 घंटे ओपीडी का भी बहिष्कार कर रहे है। राजस्थान मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (RMCAT) के बैनरतले चल रहे इस आंदोलन को अब और तेज करते हुए डॉक्टर्स ने 23 सितंबर को रैली निकालकर विरोध जताने का निर्णय किया है। आपको बता दें कि NMC ने ग्रुप-2 (सेवारत डॉक्टर्स) के डॉक्टर्स जिन्होंने पीजी कर रखी है उनको अनुभव के आधार पर मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त करने का नोटिफिकेशन जुलाई में जारी किया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आगे की कार्यवाही के लिए एक कमेटी का गठन करते हुए इसके लिए योग्य डॉक्टर्स की सूची तैयार की है। NMC और सरकार के इस फैसले के विरोध में अब मेडिकल कॉलेजों में काम कर रही टीचर्स फेकल्टी ने इसका सीधे तौर पर विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि सीधे एसोसिएट या असिस्टेंट प्रोफेसर बनाने से उनके हितों को नुकसान होगा।


