जयपुर में मार्च 2025 में होने जा रहे इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवार्ड्स को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना ने महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। राष्ट्रीय करणी सेना की मुंबई अध्यक्ष और फिल्म कोर कमेटी की अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने राजस्थानी कला और कलाकारों के सम्मान की आवाज उठाई है। 7 से 9 मार्च 2025 तक चलने वाले इस भव्य कार्यक्रम में शाहरुख खान, करण जौहर, अक्षय कुमार, रितिक रोशन और सलमान खान जैसे दिग्गज सितारे शिरकत करेंगे। सुरजीत सिंह ने मांग की है कि इस मंच पर राजस्थानी कलाकारों को भी प्रस्तुति का अवसर मिले। साथ ही, दिवंगत अभिनेता इरफान खान को विशेष श्रद्धांजलि दी जाए, जिन्होंने बॉलीवुड और हॉलीवुड में राजस्थान का नाम रोशन किया। करणी सेना ने जयपुर में बनने वाली फिल्म सिटी का नाम इरफान खान के नाम पर रखने की भी मांग की है। राजस्थानी सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने एक अनूठा सुझाव दिया है कि प्रत्येक शुक्रवार को सिनेमाघरों में केवल राजस्थानी फिल्में प्रदर्शित की जाएं। बता दें कि इससे पहले सुरजीत सिंह और मुकेश खन्ना प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शरमा से मुलाकात कर चुके है। जहां उन्होंने आईफा अवॉर्ड समारोह में राजस्थान के कलाकारों को सम्मान देने को लेकर चर्चा की थी। इसी दौरान सुरजीत सिंह ने सुशांत सिंह राजपूत मामले पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी सीबीआई की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो करणी सेना सीबीआई मुख्यालय का घेराव करेगी और देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।


