हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने शहर के पुराने घग्घर पुल की जर्जर हालत को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को आप कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुल के नवीनीकरण का काम तुरंत शुरू करने और पूरे मामले पर लिखित स्पष्टीकरण देने की मांग की। आप नेता सचिन कौशिक ने बताया कि घग्घर नदी के बाढ़ नियंत्रण और सुधार कार्यों के लिए करोड़ों रुपए का बजट स्वीकृत होने की जानकारी सरकार पहले ही सार्वजनिक कर चुकी है। हनुमानगढ़ स्थित घग्घर पुल की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए भी बजट स्वीकृति या प्रस्ताव का दावा किया गया था, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है। कौशिक के अनुसार, यह रवैया प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि पुल की मौजूदा जर्जर स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी सीधे प्रशासन पर होगी। हर बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना रहता है। आप कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब बजट स्वीकृत हो चुका है, तो काम किस स्तर पर और क्यों अटका हुआ है, इसकी जानकारी जनता से क्यों छिपाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि घग्घर नदी और पुल से जुड़ी पूरी स्थिति लिखित रूप में सार्वजनिक की जाए। इसके साथ ही, नवीनीकरण कार्य शुरू करने की स्पष्ट तिथि घोषित करने और मानसून से पहले अस्थायी सुरक्षा व मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करवाने की मांग भी की गई। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि यदि तय समय सीमा में काम शुरू नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता चरणबद्ध आंदोलन, घेराव और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान सुभाष गोदारा और प्रेमसिंह शेखावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


