जर्जर पानी-टंकी पर चढ़े 2 युवक…सीढ़ी टूटने से एक गिरा:बीबीए का छात्र हुआ घायल, दूसरा ऊपर ही फंसा, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बचाई जान

दुर्ग जिले के सेक्टर-6 की जर्जर पानी टंकी पर शनिवार शाम मस्ती करने के लिए दो युवक चढ़ गए। उतरते समय अचानक लोहे की जंग लगी सीढ़ी टूटने से एक युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरा युवक टंकी के ऊपर ही फंस गया। पुलिस, डायल 112 और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों की जान बचाई। पुलिस के मुताबिक, निजी कॉलेज में BBA तृतीय सेमेस्टर का छात्र अक्षत कुमार प्रसाद (21) और उसका मित्र सुमित भक्त (19) उत्सुकता में सेक्टर-6 स्थित पुरानी और जर्जर हो चुकी पानी टंकी पर चढ़ गए थे। टंकी से नीचे उतरते समय अचानक सीढ़ी का एक बड़ा हिस्सा टूट गया। इससे अक्षत संतुलन खो बैठा और नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गहरी चोट आई है। वहीं सुमित टंकी के ऊपर ही फंस गया, जो नीचे आने में असमर्थ था। रेस्क्यू से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए अस्पताल में कराया भर्ती, दूसरे का किया रेस्क्यू सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायल अक्षत को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी। इधर टंकी पर फंसे सुमित भक्त को सुरक्षित उतारने के लिए SDRF दुर्ग की टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुमित को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। जांच में जुटी पुलिस, पूछताछ शुरू पुलिस का कहना है कि पानी टंकी की हालत काफी खराब है और उस पर चढ़ना खतरनाक है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों युवक मस्ती करने के नाम पर टंकी पर चढ़ गए थे। घायल छात्र एलआईजी-76, कैलाश नगर जामुल का रहने वाला है, तो वहीं दूसरा युवक मैत्री कुंज रिसाली का रहने वाला है। पुलिस इस मामले में सुमीत भक्त से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है टंकी इतनी कमजोर हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *