छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पिछले एक महीने में 24 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में चार लोगों पर कार्रवाई की गई। इनमें मरोल निवासी अशोक यादव, काईकछार निवासी सुरेश एक्का, सकरडीह निवासी रोशन तिर्की और दरबारी टोली निवासी विनय कुमार सिंह शामिल हैं। कोर्ट ने प्रत्येक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। 20 लाइसेंस निलंबित, मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई बिना सीट बेल्ट और हेलमेट वाहन चलाने वाले 20 लोगों के भी लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ भी अभियान चलाया है। जशपुर ऑटो डील्स के संचालक आरिफ हुसैन पर मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने के लिए एमवी एक्ट के तहत 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी: SSP एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी जरूरत है, बल्कि यह लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा है।


