जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर निकला चादरी जुलूस

भास्कर न्यूज | गरियाबंद पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज द्वारा धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मस्जिद, गली–मोहल्लों और घरों को रोशनी से सजाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की और प्रदेश के खुशहाली और अमन चैन की दुआ की। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद सुन्नी हनफी गरियाबंद मुस्लिम समाज द्वारा परंपरागत चादरी जुलूस निकाला गया। ईद मिलाद-उन-नबी कमेटी की अगुवाई में यह जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर तिरंगा चौक, गौरव पथ, शारदा चौक, शिक्षक नगर, संतोषी मंदिर, बस स्टैंड और नाका पारा चौक से होते हुए पुनः जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस के समापन पर उलेमा-ए-किराम और इमामों ने तकरीर पेश कर देश में अमन, भाईचारा और सौहार्द की दुआ मांगी। इस अवसर पर बच्चों व बुजुर्गों को फल-मिठाई बांटी गई। नोजवान एकता समिति ने लंगर का आयोजन किया। नगर पालिका परिवार द्वारा शरबत का वितरण किया गया। इस मौके पर समाजसेवी इमरान मेमन ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी पर्व भाईचारा, अमन और एकता का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज में शांति और सौहार्द के पुल बनाने का काम करते हैं। जमात के सदस्य सोहेल मेमन ने कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम दिया, जो आज भी हम सबके लिए मार्गदर्शक है और सच्चाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *