भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत मोतियाबिंद मुक्त भारत अभियान के जरिए अब जिले में निशुल्क जांच और ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जा रही है। योजना के क्रियान्वयन के लिए समाज कल्याण विभाग नोडल विभाग है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजंस के तहत ऐसे वरिष्ठ नागरिक जो मोतियाबिन्द की समस्या से पीड़ित हैं, उनके चिन्हांकन के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित स्थानीय निकायों के समन्वय से आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र हितग्राहियों का चयन कर उनके मोतियाबिंद का ऑपरेशन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में 1 फरवरी 2026 से कराया जाना संभावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के ग्रामीण एवं नगरीय निकायों के वरिष्ठ नागरिक अपने विकासखंड से संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित शिविर में अपने मोतियाबिंद की समस्या का चिन्हांकन करा सकेंगे। 19 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शिविर का आयोजन होगा। 21 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बागबाहरा, पिथौरा में शिविर का आयोजन किया जाएगा। 22 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसना एवं सरायपाली में शिविर का आयोजन होगा। जिला प्रशासन ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि जो नागरिक मोतियाबिन्द की समस्या से पीड़ित हैं, वे निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर जांच कराएं।


