जागो के दौरान चली गोली, घायल युवक को कार में घुमाते रहे, बिना गोली निकलवाए लगवा दिए टांके

खुड्ड मोहल्ला में शादी समारोह के दौरान चल रहे जागो कार्यक्रम में डांस के दौरान एक युवक को गोली लग गई। लेकिन इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात गोली चलना नहीं, बल्कि इसके बाद घायल युवक के साथ किया गया व्यवहार है। घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय सहजप्रीत सिंह उर्फ सन्नी, निवासी गिल गांव के रूप में हुई है, जो इस समय सीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस को दिए अपने बयान में सहजप्रीत ने बताया कि वह 2 फरवरी की रात अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने दाई अहाता गया था, जहां जागो का कार्यक्रम चल रहा था। नाच गाने के दौरान उसके पास खड़े एक युवक की ओर से अचानक गोली चल गई, जो उसकी बाईं जांघ में आकर लगी। आरोप है कि उसे संभालने या उसके परिवार को सूचना देने की बजाय, आरोपी युवक और उसके साथी उसे कार में कलगीधर रोड स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 33 फुटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बिना गोली निकाले ही जख्म पर टांके लगवा दिए। खून नहीं रुकने पर आरोपियों ने उसे बाबा थाना सिंह चौक के पास एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां एक्स-रे के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। पिता संदीप सिंह ने बताया कि उनके बेटे को गोली लगने पर भी न तो सूचना दी गई और न ही सही इलाज कराया गया। पिता का आरोप है कि सीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाने के दौरान आरोपी युवक उसके खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और जेब में रखा नगदी वाला पर्स भी लेकर फरार हो गए। उन्हें न तो आरोपियों का पता चला और न ही बेटे का सामान वापस मिला। सहजप्रीत की हालत गंभीर यह सूचना थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की परतें खुलनी शुरू हुईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि गोली अभी भी सहजप्रीत के शरीर के अंदर है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। परिवार ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाते हुए गोली चलाने वाले युवक, उसके साथियों और इलाज में लापरवाही बरतने वाले निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। गोली चलने की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका, घायल को इधर-उधर घुमाने, बिना सही इलाज टांके लगाने और इलाज के दौरान सामान गायब होने के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *