जामताड़ा में एक कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग , चंद मिनटों में सब कुछ जलकर राख

जामताड़ा| जामताड़ा -मिहिजाम रोड स्थित ओवर ब्रिज के नीचे बने एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लगने से गोदाम संचालक को काफी आर्थिक छाती हुई है। यह गोदाम स्थानीय निवासी सरफुद्दीन मियां का था, जिसमें आग लग गई और चंद मिनटों में सबकुछ जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटें उठती देख लोग इकट्ठा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिशें कीं, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक गोदाम में रखा सारा सामान जल चुका था। गोदाम के मालिक सरफुद्दीन मियां ने बताया कि उन्हें आग लगने की जानकारी पास की एक दुकान से मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। सबसे पीड़ादायक बात यह है कि उनकी बेटी की शादी मात्र तीन महीने बाद होने वाली थी और गोदाम में उन्हीं तैयारियों के लिए रखा सामान और बचत की रकम मौजूद थी। इस हादसे से परिवार पूरी तरह से टूट चुका है। सरफुद्दीन मियां ने प्रशासन से तत्काल सहायता और मुआवजे की मांग की है, ताकि वे फिर से अपने जीवन को संवार सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *