जिले में फुटबॉल खेल को बढ़ावा और प्रोत्साहित करने के लिए हम सभी को मिलकर इस खेल को ग्रास रूट लेवल से शुरू करने की आवश्यकता है। जालोर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष उमसिंह राठौड़ ने कहा-इसके लिए हर गांव और कस्बे के स्कूल में फुटबॉल खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें ट्रेनिंग देनी होगी। इसके साथ ही भीनमाल और सांचौर में फुटबॉल एकेडमी भी खोली जाएगी। दरअसल, मंगलवार को संघ क ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें अध्यक्ष उमसिंह राठाैड़ ने कहा- इसी सत्र से जिले की समस्त स्कूलों में फुटबॉल खेल के नियमित अभ्यास शुरू हो, इसके लिए प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया जाएगा। इसमें हर ग्राम पंचायत स्तर पर फुटबॉल की विभिन्न आयु वर्ग की अधिकाधिक प्रतियोगिताएं आयोजित करवाकर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। भीनमाल और सांचौर में होगी एकेडमी भीनमाल और सांचोर में फुटबॉल खेल की अकादमी की स्थापना करवाकर खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम के साथ ही किट और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान जालोर जिला फुटबॉल संघ के सचिव हरिराम डारा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अंत में जालोर ओलिम्पिक संघ के महासचिव लालसिंह सांखल ने संबोधित किया। इस अवसर पर फुटबॉल के कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सांखला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह सांखला, प्रवीण सारण बी ढाणी, संयुक्त सचिव नरपत देवासी उपस्थित थे।


