भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना बुधवार देर रात तक चलती रही। कई काउंटिंग सेंटरों पर दोबारा मतगणना हुई और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सबसे ज्यादा विवाद ब्लॉक जंडियाला गुरु के गांव जलाल की सीट को लेकर सामने आया, जहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मतगणना के दौरान 2 बार रीकाउंटिंग कराई गई, लेकिन परिणाम स्पष्ट नहीं हो सका। अंततः मामला बराबरी पर आने के बाद चुनाव नियमों के तहत पर्ची सिस्टम से जीत-हार का फैसला किया गया, जिसमें आप उम्मीदवार को विजयी घोषित किया गया। प्रशासन ने वीरवार सुबह नतीजे जारी किए। जिला परिषद की 24 सीटों में से 21 पर “आप’ का कब्जा रहा। कोई उम्मीदवार 2 तो कोई 7 वोट से जीता। जिला परिषद की 24 सीटों में से आप ने 19, शिअद ने 4 और कांग्रेस ने 1 सीट अपने नाम की। वहीं ब्लॉक समिति के 10 ब्लॉकों के 195 जोनों में से 132 सीटों पर हुए चुनाव में आप ने 87, शिअद ने 27, कांग्रेस ने 17 और एक आजाद उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। मतलब आम आदमी पार्टी ने चुनावों में बड़ी जीत दर्ज की है। देर रात तक चौगावां की अटकी 8 सीटों में से 6 आप और 2 शिअद ने जीतीं। हर्षाछीना की 6 में से 5 आप और 1 सीट शिअद ने जीती। बता दें कि पंचायत समिति की 195 सीटों में से 63 सीटों पर बिना मुकाबले के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। इसमें 62 आप और एक उम्मीदवार कांग्रेस से था। जंडियाला गुरु के रिटर्निंग अधिकारी विश्वजीत सिंह से जब चुनाव परिणाम में देरी का कारण पूछा तो उनका कहना था कि कोई देरी नहीं हुई। समय पर ही गिनती पूरी कर ली गई थी। करीब 10.30 बजे तक तो सारी स्थिति िक्लयर कर ली गई थी। उसके बाद जो भी थे वह स्टाफ सामान आदि लेकर जा रहा था। बाद में उन्होंने कहा िक जो भी हो गया सब ठीक हो गया, आपको इससे क्या लेना देना और हां अगर ऐसी कोई जानकारी लेनी हो तो दफ्तर में आकर लेनी चाहिए, फोन पर नहीं। हैरानी की बात है कि जिला चुनाव आयोग की तरफ से उन्हें चुनावों के लिए रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है और ऐसे में उन्हें कई शिकायतें भी आएंगी और जवाब भी देना होगा। मगर जवाब देने का उनका रवैय्या बिल्कुल सही नहीं था। ब्लॉक जंडियाला गुरु के गांव जलाल सीट पर आप के गुरजिंदर सिंह और कांग्रेस के हरपाल सिंह के बीच सीधा मुकाबला था। पर्ची के जरिए आप को विजेता घोषित करने पर कांग्रेस उम्मीदवार के भाई रछपाल सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि धांधली की गई है। पहली काउंटिंग में भाई को 1294 वोट मिले थे, जबकि आप उम्मीदवार को 1270। इसके बाद दोबारा गिनती में टाई घोषित कर दिया गया। रछपाल ने आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारी ने उनकी एक भी आपत्ति नहीं सुनी। रात 11.30 बजे तक वह वहीं रहे। जब चले गए उसके बाद उनकी सीट का क्लियर किया गया। कांग्रेस ने पूरे मामले को खुली धांधली करार देते हुए अदालत का रुख करने की चेतावनी दी है। वहीं ब्लॉक जंडियाला गुरु के वडाला जौहल में आप के रंजीत सिंह ने 2 वोट, तारागढ़ गांव से कांग्रेस उम्मीदवार मनजीत सिंह 4, गांव जानियां में जसबीर कौर ने 6 वोट से जीत दर्ज की है। वहीं पाखरपुरा गांव से आप की राजविंदर कौर ने 2 वोट से जीत दर्ज की।


