अलवर के सबसे बड़े सरकारी जिला अस्पताल अलवर में मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना वाले कक्ष की छत टपकने से जांच रिपोर्ट भी भीगने लगी हैं। वहीं कर्मचारी भी बच-बच कर काम करने को मजबूर है। कई दिन से टपकती छत की शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हो सका है। आखिर में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, वन मंत्री संजय शर्मा और राजमेस के अधिकारियों को भी शिकायत की गई है। बुधवार शाम को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के सामने भी यह मसला आया। उसके बाद मंत्री ने तुरंत सही कराने के निर्देश दिए। यह जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर के सामने विशिष्ट जांच कलेक्शन सेंटर है। जिसकी छत पिछले करीब 5 दिनों से टपक रही है। छत भी जर्जर है। छत के प्लास्टर के गिरने का भी डर है। जिसके कारण मरीज व स्टाफ की जान जोखिम में है। नर्सिंग अधीक्षक को शिकायत की जा चुकी है। बाहर से अधिकारी जांच करे आते हैं तो रिपेयरिंग की बात कह दी जाती है। काम को दुरुस्त करने में तत्परता नहीं दिखी है।


