भास्कर संवाददाता | सीकर राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर मुकुल शर्मा ने किया। विकास प्रदर्शनी जिला प्रशासन व सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से लगाई गई है। इस दौरान जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन में जागरूकता आएंगी। उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। कलेक्टर ने सभी विभागों की ओर से योजना को लेकर लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिला विकास पुस्तिका में जिले के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को दर्शाया है। प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक चलेगी। सुबह 10 से शाम 6 बजे तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निशुल्क स्कूटी दी गई। इस दौरान एसपी प्रवीण नायक नूनावत, एडीएम रतन कुमार, सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जगदीश प्रसाद गौड़, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, हरिराम रणवां, ईश्वर सिंह राठौड़, एपीआरओ राकेश ढाका आदि उपस्थित थे। धोद | राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर धोद विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ यात्रा का आयोजन किया। इस अवसर पर विकास रथ ग्राम बिंजासी, फतेहपुरा, शाहपुरा, मोरडूंगा, सिंगरावट सहित विभिन्न गांवों में पहुंचा। यात्रा के दौरान आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी दी। यात्रा में विधायक गोरधन वर्मा, विधानसभा संयोजक श्रीपाल खींचड़, शोभसिंह अनोखू, गोविंदराम बिजारणिया, रणवीर सिंह बिजारणिया, मूलचंद रणवां, मंडल अध्यक्ष मुकेश पीपलवा, सरपंच प्रतिनिधि विजय स्वामी, सरपंच जलदेव सिंह, सरपंच भागीरथ सिंह, शिवदयाल जांगिड़ सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विकास रथ का स्वागत कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। सीकर | राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का आमजन को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को लाभार्थी सम्मेलन होगा। जिले में 15 दिवसीय ग्रामीण सेवा शिविर भी शुरू हुए। कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान प्रत्यक्ष लाभ ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी जाएगी। जिला मुख्यालय पर जिला परिषद में वर्चुअली कार्यक्रम होगा। 3 दिवसीय प्रदर्शनी में चिकित्सा विभाग की स्टॉल पर आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रचार -प्रसार सामग्री वितरित की गई। सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि शिविर में आमजन को चिकित्सकीय सेवाएं व सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। यहां पर मंगलवार को डॉ. नीलम अग्रवाल तथा जीएनएम सुनीता, निखिल और एएनएम दामिनी ने सेवा दी। शिविर में बीपी, शुगर आदि जांच की गई। आमजन को निशुल्क दवाइयां तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की।


