सवाईमाधोपुर| जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा मंगलवार को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन संख्या 1404/2023 सुकन्या सांथा बनाम यूनियन ऑफ इण्डिया एवं अन्य में दिए गए निर्देशों की पालना में जिला कारागृह सवाई माधोपुर का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जिला विधिक अध्यक्ष एवं बोर्ड ऑफ विजिटर्स के अन्य सदस्यों द्वारा बंदियों से वार्ता कर जाति या धार्मिक आधार पर रसोईघर या भोजन पकाने का प्रबंधन, जाति या धार्मिक आधार पर बंदियों को दिया जाने वाला विशेष उपचार एवं बंदियों के समूह का वर्गीकरण, जेल के अंदर पंजीकृत विचाराधीन या दोषी बंदियों से संबंधित रजिस्टर में जाति का कॉलम तथा जाति, लिंग व विकलांगता के आधार पर बंदियों के साथ भेदभाव आदि के संबंध में पूछताछ कर उनकी समस्याओं को सुना गया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में लिंग, जाति या धार्मिक आधार पर बंदियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना पाया गया। बोर्ड ऑफ विजिटर्स सदस्यों में समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनिल जैमिनी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, गोविन्द सहाय मीना अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, मनोज कुमार गहलोत उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हरकेश मीना जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक एवं ओमप्रकाश मीना कृषि अधिकारी कृषि विस्तार शामिल रहे।


