बोकारो | बोकारो जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय फेडरेशन कप जिला स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता का आयोजन सिटी पार्क अखाड़ा बोकारो में सफलतापूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में लगभग 30 पहलवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयनित खिलाड़ी आगामी 17 जनवरी को रांची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र मोरहाबादी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित पहलवान आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में जिले एवं राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन प्रतियोगिता का शुभारंभ बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने सभी पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राष्ट्रीय प्रशिक्षक मृत्युंजय नाथ चौधरी, राष्ट्रीय खिलाड़ी चिंटू कुमार, कुश कुमार, रामकृष्ण तिवारी, सतवीर श्रीवास्तव, विजय रजक, अरविंद कुमार, अनुज कुमार आदि थे।


