सरायकेला | सरायकेला के सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह की अध्यक्षता और सदर अस्पताल सरायकेला के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ अनिर्बन महतो की देखरेख में जिला स्तरीय मासिक दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 89 दिव्यांग जनों के दिव्यांगता प्रतिशत की जांच की गई। इसके तहत ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट डॉ अयुष बांका द्वारा ऑर्थोपेडिक के 46, ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ प्रदीप कुमार द्वारा ईएनटी दिव्यांगता के 25, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ पीएम बारा द्वारा नेत्र दिव्यांगता के 11 व सेरेब्रल पाल्सी स्पेशलिस्ट डॉ उमेश रजक द्वारा सेरेब्रल पल्सी के 7 दिव्यांग के दिव्यांगता प्रतिशत की जांच की गई। शिविर का संचालन सहायक मेवालाल होनहागा द्वारा किया गया। मौके पर सदर अस्पताल प्रबंधक संजीत राय सहित अन्य मौजूद रहे। सरायकेला | सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में एक मेगा हेल्थ अवेयरनेस कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में प्रमुख चिकित्सक डॉ. अंकित शशांक, डॉ. कुणाल रजक और डॉ. महतो ने उपस्थित रहकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की। कैंप में तकरीबन 350 से अधिक मरीजों की जांच की गई, जिनमें बड़ी संख्या में महिला मरीजों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य शिविर से पूर्व एक स्वास्थ्य जागरूकता रैली भी आयोजित की गई, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता के प्रति संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उषा कॉलेज ऑफ फार्मेसी और उषा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवा गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन उषा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा किया गया, जिसमें निदेशक ऋतुराज कुमार सिंह ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए कार्यक्रम को मार्गदर्शन प्रदान किया। संस्थान के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं सुश्री अल्का, कुमार वेंकट, चिन्मय रथ, अभिषेक प्रधान, मीरा, अश्रुति हॉर, रूपेश कुमार महतो सहित अन्य संकाय सदस्य शामिल रहे।


