भास्कर न्यूज |चाईबासा राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के द्वारा पश्चिमी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया है, कि जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान व गणित क्लब का गठन करना है। जिसके आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जिले के 163 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर सूचित किया गया है। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्यालयों में अनिवार्य रूप से विज्ञान और गणित क्लब का गठन करते हुए संबंधित गतिविधियों का सुचारू रूप से संचालन किया जाए। प्रति विद्यालय 5 हजार रुपए की राशि खर्च कर विज्ञान एवं गणित कॉर्नर की स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार पूरे जिले में विज्ञान और गणित कॉर्नर की स्थापना में कुल 8 लाख 15 हजार रुपए की राशि खर्च होगी। विद्यालय के द्वारा इस राशि का उपयोग कॉर्नर की स्थापना कर विज्ञान एवं गणित विषय से संबंधित मॉडल, थर्माकोल, राउंड पेंटिंग, पेपर एवं अन्य चीजों का प्रयोग कर कॉर्नर को व्यवस्थित ढंग से सजाना है। ताकि उक्त दोनों ही विषय के प्रति बच्चों में अभिरुचि उत्पन्न करने के साथ पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं को हल करने में सहूलियत मिलें। पश्चिमी सिंहभूम जिले के 17 प्रखंडों में कल 163 विद्यालयों को गणित व विज्ञान क्लब गठन के लिए चयन किया गया है। जिसमें बंदगांव में 15, चक्रधरपुर में 11, गोइलकेरा में 7, गुदड़ी में 4, हाटगम्हरिया में 10, जगन्नाथपुर में 9, झींकपानी में 6, खूंटपानी में 10, कुमारडुंगी में 7, मंझगांव में 7, मंझारी में 8, मनोहरपुर में 16, नोवामुंडी में 14, सदर, चाईबासा में 12, सोनुआ में 9, तांतनगर में 9 और टोंटो में 9 विज्ञान व गणित कॉर्नर की अधिष्ठापन किया जाएगा।


