भास्कर न्यूज | बालोद बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले में सभी वर्गों के सहयोग से सघन पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत लगाए गए पौधों की सुरक्षा के समुचित उपाय करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जिले के नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में जिले को हराभरा बनाकर पर्यावरण सुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। बैठक में पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि तेजी से घटते भूजल स्तर और बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण की भरपाई के लिए सामूहिक पौधरोपण आवश्यक है। यह भी स्पष्ट किया गया कि इस कार्य को केवल सामाजिक सहभागिता से ही संभव बनाया जा सकता है। जिले के सभी गांवों में पौधरोपण किया जाएगा। रोपे गए पौधों की सुरक्षा के लिए स्कूल परिसरों, शासकीय कार्यालय परिसरों और अन्य उपयुक्त स्थानों का चयन किया गया है। अभियान को सफल बनाने विशेष टीमें बनाई जाएंगी इस कार्य को ब्लॉक स्तर पर प्रभावी रूप से संपन्न करने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी, जिनमें जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार पौधों का चयन कर रोपण किया जाएगा, जैसे खेतों में कहवे, पानी वाले क्षेत्रों में जामुन और कम पानी वाले क्षेत्रों में नीम जैसे पौधे लगाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में भी सघन पौधरोपण की विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी।


