जिले में सहायक शिक्षकों की पदोन्नति जल्द: डीईओ

भास्कर न्यूज | बालोद छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिले में जल्द ही प्रधानपाठक पद पर पदोन्नति की जाएगी। शिक्षा विभाग में लगभग 30 पद और ट्राइबल विभाग में लगभग 15 पदों पर पदोन्नति होगी। नए सत्र के पहले पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। गर्मी को देखते हुए जिले में समर कैंप का आयोजन नहीं होगा। उच्च वर्ग शिक्षक पदोन्नति के लिए त्रुटि मुक्त वरिष्ठता सूची प्रकाशन पर भी चर्चा हुई। दावा आपत्ति के बाद वरिष्ठता सूची प्रकाशित की जाएगी। डौंडी ब्लॉक के शिक्षकों के गृह भत्ता बहाली के लिए भी चर्चा हुई। वित्त विभाग के नियमानुसार जल्द समाधान किया जाएगा। पंचायत विभाग के शेष समयमान एरियर्स के भुगतान के लिए पांचों ब्लॉकों से बचे शिक्षकों की सूची मंगाई जाएगी। इसके बाद आबंटन जारी करने की मांग की गई। अनुसूचित क्षेत्र में 20 आकस्मिक अवकाश लागू करने और विशेष अर्जित अवकाश की भी मांग रखी गई। बताया गया कि 13 आकस्मिक अवकाश ऑनलाइन पोर्टल में दिखते हैं। शेष 7 अवकाश ऑफलाइन लिए जा सकते हैं। बैठक में जिलाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख, अलेन्द्र यादव, छबिलाल साहू, प्रहलाद कोसमार्य, अनिल दिल्लीवार, संदीप दुबे, कुमार संभव देवांगन, मदन साहू, नकुल अलेन्द्र, एस के खरे, अरविंद गंजिर, ओमप्रकाश साहू, अनिल देवांगन, ममता घराना, अर्पणा चकवर्ती समेत अन्य मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *