जयपुर जिले से गुजर रही अरावली पर्वतमाला क्षेत्र में कुल 834 खनन लीज दी गई हैं, जिनमें से 700 लीज चेजा पत्थर की हैं। खनन गतिविधियों से पिछले तीन वर्षों में जिले को 441 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। जिले की एकमात्र आयरन (लौह) खान मोरिजा क्षेत्र में स्थित है, जहां से उच्च गुणवत्ता का आयरन अयस्क निकाला जाता है। खनिज विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ करीब 400 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे 10 करोड़ का राजस्व वसूला गया। जिले में अवैध खनन की सबसे अधिक शिकायतें बस्सी और जमवारामगढ़ क्षेत्रों से सामने आती हैं। हाल ही में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 115 करोड़ रुपए के खनन पट्टे ई-निलामी के माध्यम से आवंटित किए गए हैं। कार्रवाई; दो एक्सकेवेटर समेत 16 वाहन जब्त {कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस टीमों ने दो एक्सकेवेटर मशीनों सहित कुल 16 वाहन जब्त किए। खनिज अभियंता श्याम चौधरी ने बताया कि बावड़ी–कालवाड़ क्षेत्र में चुनाई पत्थर का अवैध खनन करते हुए दो एक्सवेटर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में बजरी के अवैध परिवहन में एक डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। {कोटखावदा में चुनाई पत्थर के अवैध परिवहन में शामिल दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, फागी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा मोखमपुरा क्षेत्र में बजरी और चुनाई पत्थर से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। गलता गेट क्षेत्र में भी चुनाई पत्थर के अवैध परिवहन पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया।


