जुडको की ओर से कंस्ट्रक्शन कार्य करने के दौरान शनिवार को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण लाखों लीटर पानी सड़क पर बह कर बर्बाद हो गया था। रविवार को पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। पेयजल स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल, बूटी के अभियंताओं ने बताया कि मरम्मत कार्य अभी जारी है, इसे पूरा होने में अभी और तीन दिन का समय लगने की संभावना है। इस कारण सोमवार को भी बूटी जलागार से करीब 20 फीसदी आबादी को जलापूर्ति नहीं होगी। मालूम हो कि जुडको ने पत्र लिख कर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से कहा था कि गलती से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, जिसकी मरम्मत के लिए उन्हें शटडाउन दिया जाए। पेयजल स्वच्छता कांके डैम के एसडीओ शुभम उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को रूक्का की मुख्य राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हम लोगों को भी जितनी मात्रा में पानी चाहिए, वो नहीं मिला। इस कारण सप्लाई में दिक्कत आई। मालूम हो कि बूटी जलागार से गोंदा को भी पानी मिलता है, फिर पूरे क्षेत्र में पानी सप्लाई करते हैं। आज इन इलाके में वाटर सप्लाई रहेगी बाधित हरमू, पिस्का, जगन्नाथपुर, पुंदाग, डिबडीह, अशोक नगर और संबंधित आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी।


