जुडको ने भवन निर्माण कर सौंपे डुप्लेक्स, होली से पहले शिफ्ट हो जाएंगे मंत्री

हेमंत सरकार के सभी 11 मंत्री होली से पहले नए डुप्लेक्स में रहने लगेंगे। जुडको ने भवन निर्माण विभाग को आवास हैंडओवर कर दिया है। हैंडओवर लेते ही भवन निर्माण िवभाग के अफसरों ने काम तेज कर दिया है। मंत्रियों को आवास अलॉट करने के लिए बैठक की तिथि तय करने को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फाइल भेजी गई है। मुख्यमंत्री ही भवन निर्माण के विभागीय मंत्री हैं, ऐसे में फाइल डाउन होने के बाद बैठक की तिथि के बारे में सक्षम अफसरों को सूचित कर दिया जाएगा। ऐसी संभावना है कि इसी महीने मंत्रियों के आवास आवंटन के लिए बैठक होगी। मंत्रियों के लिए यह आवास रांची स्मार्ट सिटी कैंपस में करीब 70 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने 15 जनवरी तक निर्माण पूरा करने का दिया था आदेश मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस नवनिर्मित आवासों का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया था कि 15 जनवरी तक सभी आवासों को ‘फिनिशिंग टच’ देने का काम पूरा कर लिया जाए। अब ये सारे आवास पूरी तरह से तैयार हैं। मंत्रियों के सुरक्षाकर्मियों के रहने की भी यहां शानदार व्यवस्था की गई है। हर बंगले का क्षेत्रफल 16 हजार 321 वर्ग फीट से अधिक है। बिल्टअप एरिया लगभग 8,000 वर्ग फीट है। हर बंगले को दो हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें पहला हिस्सा रेजिडेंशियल ब्लॉक है और दूसरा एनेक्स ब्लॉक। एनेक्स ब्लॉक मंत्रियों के कामकाज की जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है। एक ही कैंपस में बनाए गए इन बंगलों में रहनेवाले मंत्रियों, उनके परिवारों और कर्मियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनूआधिकारिक रूप से आवंटन होने से पहले ही राज्य के पर्यटन एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू स्मार्ट सिटी में बने नए आवास में रहने लगे हैं। उन्होंने विधिवत गृह प्रवेश भी कर लिया है। रांची में रहने के दौरान वे इसी आवास में रहते हैं। कैंपस में हैं कैफे, लाउंज, जिम व बैडमिंटन कोर्ट भी : आवासीय परिसर में क्लब हाउस बनाया जा रहा है, जहां कैफे लाउंज, रिसेप्शन ऑफिस, जिम, बैडमिंटन कोर्ट बनाए गए हैं। ड्राइवर और गार्ड के लिए भी सर्वेंट ब्लॉक में दो डोरमेट्री बनाई गई है। हर बंगले में लगे हैं इनडोर एसी-लिफ्ट हर बंगले में इनडोर एसी और लिफ्ट की व्यवस्था है। रेजिडेंशियल ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर एंट्रेंस गैलरी, ड्राइंग रूम, लॉबी, गेस्ट रूम, मास्टर बेडरूम सुईट, डाइनिंग एरिया, यूटिलिटी एरिया, किचन विथ ग्रॉसरी, फैमिली लॉउन्ज, मंत्री का रेजिडेंशियल चौंबर, मंत्री का इनर ऑफिस और केयरटेकर का कमरा है। फर्स्ट फ्लोर पर फैमिली लाउंज, मास्टर बेडरूम, चिल्ड्रंस बेडरूम, पैन्ट्री, मल्टीपरपज स्टोर, पूजा रूम, ओपन टैरेस और बालकनी बनाया गया है। सामने एक छोटा पार्क भी रहेगा। सभी बेडरूम में बालकनी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *