राजधानी ट्रैफिक जाम की बड़ी समस्या से जूझ रही है। शनिवार शाम करीब 6:15 से लेकर शाम 8 बजे तक प्रभात चौराहे पर रायसेन रोड से लेकर सुभाषनगर रोड, पुल बोगदा और अशोक गार्डन रोड यानी चारों ओर डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक लंबा जाम लगा रहा। बता दें कि जिस समय जाम लगा उस वक्त ट्रैफिक पुलिस का बल वीआईपी मूवमेंट में व्यस्त था। मौके पर बल तो मौजूद था, लेकिन जाम को देखते हुए मौके पर बल की कमी महसूस हुई। सबसे लंबा जाम रायसेन रोड पर देखने मिला। यहां से शाम के समय निकले एक जुलूस के कारण भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। गौरतलब है अधिकतर दफ्तर भी जिस समय जाम लगा उसी वक्त छूटते हैं। इसके कारण ट्रैफिक का दबाव अधिक बढ़ गया। साथ ही जुलूस के कारण इन वाहनों को निकलने की जगह ही नहीं मिली। इससे लंबा जाम लगता चला गया। इसके अलावा प्रभात चौराहे पर रोटरी नहीं होने के कारण भी आए दिन जाम लगा रहता है। रोटरी नहीं होने से हादसे की भी संभावना बनी रहती है। साथ ही वाहन चालक सिग्नल लाल होने पर भी बीच चौराहे तक अपने वाहन ले जाकर खड़ी कर देते हैं। इससे ग्रीन सिग्नल की ओर के वाहन के चौराहे पर पहुंचने पर आगे बढ़ने की भी जगह नहीं बचती है। शाम को ट्रैफिक का लोड डबल हो जाता है ट्रैफिक पुलिस का बल मौके पर मौजूद था। एक जुलूस निकल रहा था, जिस कारण जाम की स्थिति बनी। शाम के समय ट्रैफिक का लोड डबल हो जाता है, इसलिए जाम पर काबू पाने में थोड़ा समय लगा। -अजय बाजपाई, एसीपी ट्रैफिक पुलिस रॉयल मार्केट में बाजार और रॉन्ग साइड बने परेशानी रॉयल मार्केट इलाके में भी शनिवार शाम भारी जाम लगा रहा। जाम रॉयल मार्केट से लेकर मोती मस्जिद तक लगा रहा। यहां रोजाना ऐसे ही जाम के हालत बनते हैं। यहां जाम लगने के कई बड़े कारण हैं। पहला कारण इज्तिमा के बाजार के कारण यहां एचपी पेट्रोल के सामने फुटपाथ पर दुकानों का लगना है। यहां दुकानों और उन पर लोगों की भीड़ के कारण सड़क सकरी हो जाती है, जिससे जाम लगता है। इसके अलावा हमीदिया का गेट बंद होने से पूरा ट्रैफिक का लोड वन वे पर पड़ गया है। ऐसे में लोग समय बचाने के लिए वन वे पर भी रॉन्ग साइड अपने वाहन लेकर जा रहे हैं। इससे रोजाना जाम लगता है। वन वे पर रॉन्ग साइड आने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक पर काबू पाने के लिए बल को मौके पर तैनात रखा जाता है। -विजय दुबे, एसीपी ट्रैफिक पुलिस


