जेडीए राजधानी के बीच से गुजर रही द्रव्यवती के किनारे आमने-सामने बसी कॉलोनियों को कनेक्टिविटी का प्लान तैयार करेगा। 47 किमी लंबी रिवर पर विद्याधर नगर से सीतापुरा तक घनी आबादी क्षेत्र की कॉलोनियों को आने-जाने के लिए पुलिया (कलवर्ट) का निर्माण होगा ताकि एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़े और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने अधिकारियों के साथ द्रव्यवती का दौरा कर प्लान करने के निर्देश दिए हैं। जेडीए इंजीनियरिंग विंग 15 दिन में एक रिपोर्ट तैयार करेगी और इसके बाद तय होगा, किन-किन इलाकों में पुलिया का निर्माण होने से ज्यादा फायदा मिलेगा। घनी आबादी वाले इलाकों में कनेक्टिविटी के लिए शुरुआत में 10 पुलिया बनाने का प्लान है, ताकि 3 से 4 किमी तक एरिया कवर हो सके। खाली पड़ी स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन नियमानुसार जेडीए द्रव्यवती के किनारे पर पड़ी खाली जमीनों को बेच नहीं सकता है लेकिन खाली पड़ी जमीनों से रेवेन्यू कलेक्शन जनरेट करने के लिए जेडीए एक सर्वे करेगा और इन जमीनों को डेवलप कर मैरिज गार्डन, स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन (बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट) बनाए जाएंगे। जेडीसी ने बताया कि वर्तमान में कनेक्टिविटी न होने के कारण लोगों को एक कॉलोनी से दूसरी कॉलोनी जाने के लिए मुख्य सड़कों पर आकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कलवर्ट बनने से कनेक्टिविटी के साथ मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव भी कम होगा। द्रव्यवती पर वन-वे या टू-वे कलवर्ट का निर्माण होगा।


