जैन धर्मशाला में लगा नि:शुल्क नेत्र शिविर:200 मरीजों की हुई जांच, कईयों रोगियों को ग्वालियर किया रेफर

धौलपुर में रविवार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जैन धर्मशाला में स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह और स्वर्गीय सज्जन कुमारी की स्मृति में विशेष नि:शुल्क मोतियाबिंद नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 200 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग धौलपुर, रतन ज्योति हॉस्पिटल ग्वालियर और प्रमुख समाजसेवी विवेक बोहरा की टीम के सहयोग से किया गया। धौलपुर जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों ने जांच की। जिन मरीजों को उन्नत इलाज की जरूरत थी, उन्हें रतन ज्योति हॉस्पिटल ग्वालियर रेफर किया गया। शिविर के मुख्य आयोजक विवेक सिंह बोहरा ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कई लोग समय पर आंखों का इलाज नहीं करवा पाते, जिससे उनकी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को मुफ्त नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना था। शिविर में डॉक्टरों ने मरीजों को नेत्र स्वास्थ्य के महत्व और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों के समय पर इलाज की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि समय पर इलाज न मिलने से दृष्टिहीनता का खतरा बढ़ जाता है, जिसे उचित चिकित्सा से रोका जा सकता है। स्थानीय समाजसेवियों, स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के विशेष सहयोग से शिविर सफल रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *