देश की सेवा में जुटे एक सेना के जवान को शनिवार सुबह अचानक ब्रेन हेमरेज होने के बाद सेना और जोधपुर प्रशासन की तत्परता से जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत को देखते हुए जवान को एयर-लिफ्ट किया गया और जोधपुर एयरपोर्ट से एम्स तक पहुंचने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, सेना के हवलदार जनार्दनम् (40) निवासी तमिलनाडु की शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है, जिसके बाद उनकी हालत नाजुक हो गई। सेना की त्वरित कार्रवाई सेना के हॉस्पिटल में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हवलदार जनार्दनम् को नजदीकी सैन्य अस्पताल से हेलिकॉप्टर के माध्यम से एयर-लिफ्ट कर जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचाया। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्स किया गया शिफ्ट जोधपुर एयरपोर्ट पर जवान को लाने के बाद प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए एयरपोर्ट से एम्स हॉस्पिटल तक के रास्ते पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया। कॉरिडोर के जरिए बिना किसी विलंब के जवान को एंबुलेंस से तुरंत एम्स पहुंचाया गया। एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी गहन चिकित्सा कर रही है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, और सैन्य अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। जवान को जल्द से जल्द बेहतर इलाज दिलाने के लिए सेना और नागरिक प्रशासन की इस त्वरित समन्वय की सराहना की जा रही है।


