जोधपुर के बोरानाडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज स्पीड पिकअप पानीपूरी के ठेले में घुस गई। इस हादसे में ठेला चालक के बाद पानीपूरी खा रहे ग्राहक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन और समाज के लोग मुआवजा देने और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बता दें कि रविवार देर रात बोरानाडा थाना क्षेत्र के गढ़ गोविंद के पास तेज स्पीड पिकअप ने एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद पानीपूरी के ठेले में घुस गई थी। हादसे में पानीपूरी का ठेला चलाने वाले छोटू राम पुत्र कल्लू सिंह निवासी लूटमपुरा जिला भिंड ग्वालियर मध्यप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि मसूरिया के बलदेव नगर निवासी धर्मेंद्र (30) पुत्र भंवरलाल मेघवाल गंभीर घायल हो गए थे। इनकी इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। धर्मेंद्र का ICU में इलाज चल रहा था। इस घटना के बाद परिजन और समाज के लोग हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्रित हो गए। उन्होंने पिकअप के चालक को पकड़ने और उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजा राशि देने की मांग की। बता दें कि इस घटना के बाद अभी तक पिकअप चालक नहीं पकड़ा जा सका है। इसको लेकर भी पुलिस पर सवाल खड़े होने लगे हैं।


