कनक प्रभा गोलिया फाउंडेशन न्यूयार्क ने श्री नाकोड़ा पारस भैरव अक्षय चैरिटेबल ट्रस्ट का सहयोग कर जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल में 18 करोड़ की एमआरआई मशीन लगवाई है। इस मशीन का उद्घाटन 2 जनवरी को होगा। इतना ही नहीं, भामाशाह परिवार ने ओसियां में भी जरुरतमंद विद्यार्थियों के लिए संचालित स्कूल में 2.25 करोड़ की लागत से बिल्डिंग विस्तार सहित अन्य कार्य भी करवाए हैं। इस नवनिर्मित बिल्डिंग का उद्घाटन 3 जनवरी को ओसियां में किया जाएगा। तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर वीरायतन, ओसियां के अध्यक्ष भंवरलाल सोनी व सचिव कल्पेश सिंघवी ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि देश में दूसरी और राजस्थान में पहली एमआरआई मशीन 5300 – वाईड बोर प्रीमियम डिजिटल हीलियम – फ्री ऑपरेशन मशीन, मथुरादास माथुर अस्पताल में लगाई गई है। इस मशीन के प्रयोजक श्री नाकोड़ा पारस भैरव अक्षय चैरिटेबल ट्रस्ट, जोधपुर है और सहयोगकर्ता एवं लाभार्थी परिवार कनक प्रभा गोलिया फाउंडेशन न्यूयार्क से है। मेरी आत्मा में बसता है मारवाड़ कनक गोलिया ने कहा कि – मैं जोधपुर का जन्मा हूं। भले ही मुझे व्यापार के लिए अमेरिका जाना पड़ा, पर मेरी जन्मभूमि जोधपुर है और मारवाड़ जोधपुर मेरी आत्मा में बसता है। ईश्वर ने हमें सब कुछ दिया है और जो भी मेरे और मेरे परिवार के पास है, वो हमारा नहीं है, हम तो सिर्फ इसके कस्टडीयन मात्र हैं। यह शरीर भी हमारा नही है यह भी एक किराया का खोल है जिसमें से इस आत्मा को एक दिन जाना है। इसलिए साथ मात्र आपका दान पुण्य, ज्ञान, धर्म, शास्त्र ही जाने वाला है। प्रभा गोलिया ने कहा – जोधपुर के आमजन के लिए बिना किसी जाति भेद भाव के, बिना किसी धर्म भेद भाव के हम और हमारा परिवार सदैव सेवा कार्य करने के लिए संकल्पित रहेगा एवं स्थायी प्रोजेक्ट लगाकर आमजन की सेवा करते रहेंगे। सिक्योरिटी में होगा टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल श्री नाकोड़ा पारस भैरव अक्षय चैरिटेबल ट्रस्ट, जोधपुर के सचिव अभिषेक कोठारी व सदस्य ललित गोलिया ने बताया कि मथुरादास माथुर अस्पताल में जो एमआरआई मशीन की सुरक्षा एवं अस्पताल आने वाले वाहनों की सुरक्षा सहित परिसर में अन्य तरह की आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष सुरक्षा उपकरण भी कनक गोलिया द्वारा लगवाए जा रहे हैं। 2 जनवरी को इस प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत हॉस्पिटल के गेट नंबर दो पर स्कैनर लगेगा, जो परिसर में आने वाले वाहन के लिए एक विशेष कोड जारी करेगा। वापसी में उस कोड के अभाव में कोई भी शातिर या अन्य व्यक्ति उस वाहन को परिसर से बाहर नहीं ले जा सकेगा। इससे गाड़ियो की होने वाली चोरियों पर अंकुश लगेगा। संतों के सानिध्य में उद्घाटन समारोह सचिव कल्पेश सिंघवी ने बताया कि 2 जनवरी को एमडीएमएच में एमआरआई मशीन के उद्घाटन उपाध्याय साध्वी श्री यशा जी एवं साध्वी श्री संघमित्रा जी की निश्रा में होगा। ट्रस्ट सचिव अभिषेक कोठारी ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यमंत्री केके बिश्नोई, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, सुरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शेरगढ़ विधायक बाबुसिंह राठौड़, ओसियां विधायक भैराराम सियोल के साथ डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल एवं कंट्रोलर डॉ. बीएस जोधा, मथुरादास माथुर अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन किशोरिया बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। ओसियां के निकटवर्ती ढाणियों के बच्चे हो रहे शिक्षित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर वीरायतन के सचिव कल्पेश सिंघवी ने बताया कि सेठ श्री धनराज एवं कंकू कंवर गोलिया की पावन स्मृति में कनक गोलिया फाउंडेशन न्यूयार्क (अमेरिका) द्वारा निर्मित उपाध्याय श्री अमर मुनि भवन एवं आचार्य श्री पद्मश्री डॉ. चन्दना श्रीजी भवन का उद्घाटन 3 जनवरी को किया जायेगा। इस भवन में कुल 10 कमरे बनाये गये हैं, जिसमें ओसियां की आसपास की ढाणियों से आये गरीब बच्चों को पढ़ने में मदद मिलेगी। साथ ही यह विद्यालय 12वीं कक्षा तक हो गया है। इसके विस्तार के लिए 2 करोड़ 25 लाख की लागत से कनक प्रभा गोलिया ने इस विद्यालय का निर्माण कराया है। इस कार्यक्रम के अतिथि भैराराम सियोल (विधायक ओसिया), अतुल भंसाली (विधायक जोधपुर शहर), बाबुसिंह राठौड़ (विधायक शेरगढ़), सुंदर भाई शाह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरायतन), तनसुख राज डागा, राजेन्द्र सिंघवी, अभिषेक कोठारी, पारसमल सिंघवी, ललित गोलिया, दीपक चौपड़ा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेगे।


