जोधपुर में 48वीं ऑल इंडिया आरपीएफ कबड्डी प्रतियोगिता शुरू:10 रेलवे जोन की 3 महिला टीम सहित 11 टीमें ले रहीं हिस्सा

जोधपुर में तीन दिवसीय 48वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कबड्डी प्रतियोगिता शुक्रवार से रेलवे स्टेडियम में शुरू हो गई है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने शुक्रवार को इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल आरपीएफ की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के 10 क्षेत्रीय जोनों की कुल 11 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें तीन महिला टीमें भी शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश कुमार शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें रेलवे सुरक्षा विशेष बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, पश्चिम रेलवे, दक्षिण रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, उत्तर पूर्वी रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे की कबड्डी टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। उद्घाटन समारोह में मार्च पास्ट की सलामी, ध्वजारोहण और मीट ओपन की घोषणा करने के बाद डीआरएम त्रिपाठी ने विभिन्न क्षेत्रीय रेल मंडल से आए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल से न केवल दृढ़ता, समर्पण और कड़ी मेहनत का गुण सीखते हैं, बल्कि यह टीम वर्क और कौशल भी निखारता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना से प्रेरित होकर एक दूसरे के प्रति सम्मान प्रदर्शित करते हुए अपनी टीम और क्षेत्रीय रेलवे का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया। उद्घाटन समारोह के दौरान डीआरएम ने प्रतियोगिता की ज्यूरी, टीम मैनेजर और आयोजन कमेटी से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) शर्मा ने डीआरएम को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए आगंतुकों का स्वागत किया। मंच संचालन इंस्पेक्टर कविता ने किया। इस अवसर पर रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस आर बुनकर, रेलवे मजिस्ट्रेट परिणय जोशी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक घनश्याम सोनी, राजकीय रेलवे पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह उपस्थित थे। इसके अलावा रेलवे कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मनोज कुमार परिहार, महेंद्र व्यास और एन जे सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *