भारतीय समकालीन कला जगत के प्रतिष्ठित कलाकार स्वर्गीय सुरेंद्र पाल जोशी को समर्पित एक विशेष कला प्रदर्शनी ‘ऑल इंडिया आर्ट एग्जीबिशन – 2025’ का आयोजन 12 जून को जयपुर में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रचनात्मकता को प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करना है। यह प्रदर्शनी विशेष रूप से 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा कलाकारों के लिए खुली है। इसमें भाग लेने के लिए देशभर के प्रतिभागी विजुअल आर्ट के किसी भी माध्यम जैसे पेंटिंग, ग्राफिक्स, मिक्स्ड मीडिया आदि में बनी तीन मौलिक कलाकृतियों की इमेज वेबसाइट पर ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रविष्टि की अंतिम तिथि 20 मई 2025 है और चयनित कलाकृतियों को 12 जून को जयपुर में प्रदर्शनी के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया एक विशेषज्ञ जूरी पैनल की ओर से की जाएगी, जो 5 सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों को पुरस्कार भी प्रदान करेगा। प्रवेश लिंक https://surendrapaljoshi.com/ पर उपलब्ध है। यह आयोजन जहां एक ओर स्व. सुरेंद्र पाल जोशी जैसे महान कलाकार को श्रद्धांजलि है, वहीं यह देशभर के युवा कलाकारों के लिए एक प्रेरणादायक अवसर भी है, जिससे वे अपनी कला को एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचा सकेंगे।


