बोकारो | तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में लूट की कोशिश नाकाम होने के बाद बोकारो पुलिस ने जिले के सभी आभूषण प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की अपील की है। पुलिस ने ज्वेलरी शोरूम में अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। बताते चलें कि जिले में बोकारो, चास व बेरमो मिलकर लगभग 150 से अधिक जेवर दुकानें हैं, जिसमें कई बड़े प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाकर ही कारोबार करें। वहीं, बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अपराध नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। एसपी हरविंदर िसंह ने सोमवार को बताया कि करीब सात हथियारबंद अपराधी, जिनमें दो कथित रूप से पुलिस की वर्दी में थे, अलार्म बजते ही भाग निकले। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है और जांच में तेजी लाई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।


