कॉलेज रोड स्थित फव्वारा चौक के पास एम.बी. जैन ज्वेलर्स में करोड़ों की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शोरूम मालिक विक्रम जैन ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके यहां 8 साल से एकाउंटेंट के तौर पर काम कर रहा राम शंकर सेल, परचेज और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड संभालता था। विक्रम के मुताबिक पिछले कुछ समय से स्टॉक में गड़बड़ी का शक हो रहा था। 22 जनवरी को जब राम शंकर से रिकॉर्ड दिखाने को कहा गया तो उसने अगले दिन सारा हिसाब साफ करने की बात कही। लेकिन अगली सुबह जब शोरूम खुला तो राम शंकर ड्यूटी पर नहीं आया और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई फर्जी कैश बिलों से कागजों में स्टॉक पूरा दिखाया, जबकि असल में बड़ी मात्रा में सोने के गहने गायब थे। जांच अधिकारी सुरिंदर कुमार ने बताया, पुलिस ने आरोपी राम शंकर निवासी गोंडा (यूपी) की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई है। उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।


