थाना गेट हकीमां की पुलिस ने एक सप्ताह पहले टावर वाली गली गांव मुलेचक में अज्ञात दो गुटों की आपसी झगड़े की शिकायत मिलने पर दो युवकों को अवैध पिस्तौल और दातर के साथ काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुलेचक के रहने वाले सूरज और विशाल के रूप में हुई है। एडीसीपी सिटी-1 विशालजीत सिंह ने बताया कि 14 फरवरी की रात को एक शिकायत मिली थी कि 5 से 7 अज्ञात युवक आपस में झगड़ा कर रहे हैं। इस दौरान गोलियां भी चलाई गई है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग गए थे। इस मामले में जांच करने के बाद दोनों आरोपियों को वीरवार के दिन काबू किया गया। आरोपी सूरज के पास से पिस्तौल और दूसरे आरोपी विशाल के पास से दातर बरामद हुआ। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आगे की जांच चल रही है। सभी आरोपियों के पकड़े जाने पर कारण के बारे में पता चलेगा।


