झाबुआ के मठमठ में नया बिजली सबस्टेशन शुरू:2.85 करोड़ की लागत से 3800 किसानों को मिलेगा लाभ

झाबुआ जिले के मठमठ में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने मंगलवार को 2.85 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 3800 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मंत्री भूरिया ने कहा कि यह केंद्र बिजली शिकायतों की संख्या को कम करेगा और बिजली सप्लाई में स्थिरता सुनिश्चित करेगा। उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है, और इस उपकेंद्र से किसानों को निर्बाध बिजली मिलेगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी। ग्राम मठमठ का यह उपकेंद्र आरडीएसएस योजना के तहत स्थापित किया गया है। इससे कुल चार ग्राम पंचायतें – माण्डन, मठमठ, गुणावद और हनुमंत्या लाभान्वित होंगी। इन पंचायतों के 17 गांवों, जिनमें माण्डन, नाहरपुरा, हथनीपाडा, प्रतापपाडा, पोलारूण्डा, गुणावद, कालारेगा, बलियापाडा, आमलीपाडा, केलकुई, तिखी, धावडिया, कामठिया, बानियाखेडा, हनुमंत्या और हिम्मतगढ शामिल हैं, को गुणवत्तापूर्ण बिजली सप्लाई मिलेगी। इस उपकेंद्र से तीन नए 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे, जिससे बिजली लाइनों की लंबाई कम होगी और दोषों का पता लगाने में कम समय लगेगा। इससे संबंधित गांवों में अब लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी। सिंचाई के लिए नए पंप कनेक्शन भी जारी किए जा सकेंगे, जिससे सिंचाई का रकबा बढ़ेगा और किसानों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। मुख्य ग्राम मठमठ को अब रबी सीजन के दौरान भी लगातार तीन फेज बिजली सप्लाई मिलेगी, जिससे कृषि गतिविधियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी, वरिष्ठ नेता नवीनचंद सिंह, रमेश गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत भट्ट, पूर्व जिला महामंत्री कृष्णपाल सिंह गंगाखेडी, मंडल अध्यक्ष पप्पू गामड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुखराम मोरी, जयराज भट्ट और जितेंद्र गेहलोत सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *