झामुमो के झारखंड दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में 400 जवान तैनात

भास्कर न्यूज |दुमका झारखंड मुक्ति मोर्चा रविवार को शहर के गांधी मैदान में अपना 46वां झारखंड दिवस मनाएगा। दिवस को भव्य बनाने के लिए गांधी मैदान समेत शहरी क्षेत्र को एक दुल्हन की तरह से सजाया गया है। भारी संख्या में आने वाले वाहनों के लिए शहर में तीन जगह पर पार्किंग स्थल बनाया गया है। शनिवार को डीसी और एसपी ने गांधी मैदान में चल रही तैयारी और सुरक्षा का जायजा लिया। इस बार का स्थापना दिवस कई मायने में अलग होगा। पिछले साल दिवस को मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने संबोधित किया था। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल नहीं होने के कारण आयोजन कुछ फीका रहा था। इस बार दोनों नेताओं के आने की वजह से दिवस पर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ेगी। दिवस को लेकर पूरे शहर को रंगीन लाइट से सजाया गया है। गांधी मैदान में विशाल मंच तैयार हो रहा है। मैदान के आसपास के घरों को भी सजाया गया है। इसके अलावा शहर के प्रमुख रास्तों को भी झंडी और लाइट से सजाया गया है। अंबेडकर चौक की आकर्षक सजावट की गई है। इस बार दूर-दराज से आने वाले लोग अपने नेता का संबोधन करीब से सुन सकें, इसके लिए छह विशाल एलईडी लगाई गई। पांच गांधी मैदान में और एक वीर कुंवर सिंह में लगाई गई है। जो लोग गांधी मैदान में नहीं जा सकेंगे, वे एलईडी से सीधा प्रसारण देख सकेंगे। हर साल स्थापना दिवस पर पूरे प्रमंडल से हजारों की भीड़ आती है। इसके लिए बस के अलावा चार पहिया वाहन का उपयोग किया जाता है। वाहनों की वजह से आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन ने तीन जगह पर पार्किंग की व्यवस्था की है। बसों को एसपी कॉलेज में रोका जाएगा। वहीं चार पहिया के लिए पुलिस लाइन मैदान और आउटडोर स्टेडियम में ठहराव की व्यवस्था रहेगी। सीएम करेंगे िशरकत, डीसी व डीडीसी ने िलया तैयारियों का जायजा शनिवार को डीसी ए दोड्डे ने डीडीसी अभिजीत सिन्हा और पूरी प्रशासनिक टीम के साथ गांधी मैदान की तैयारी जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री आ रहे हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। आने वाले लोग और आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए यातायात प्लान तैयार किया गया है। वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि दिवस के लिए संयुक्त आदेश निकाला गया है। पूरे मैदान और शहर में सुरक्षा के लिए चार सौ जवानों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। रूट लाइन चेक करने के बाद पुलिस के जवानों को ब्रीफ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आ रहे हैं, इसे ध्यान में रखकर प्रोटोकाल तैयार किया गया है। बताया कि दिवस समारोह देर रात तक चलता है। इसलिए टाइगर मोबाइल व गश्ती दल को लगातार गश्त करने को कहा गया है। लगातार उनके स्तर से इसकी मानीटरिंग की जाएगी। किसी तरह की चूक नहीं हो, इसके लिए पेट्रोलिंग पार्टी को हर जगह पर लगाया गया है। मौके पर डीटीओ जयप्रकाश करमाली, एसडीओ कौशल कुमार, सीओे अमर कुमार, बीडीओ उमेश मंडल, डीएसपी इकुड डुंगडुंग, एसडीपीओ विजय महतो, थाना प्रभारी अमित लकड़ा व अनुज कुमार आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *