भास्कर न्यूज| चाईबासा झामुमो के समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन रविवार को घंटा घर के बगल लोक भवन में मंत्री दीपक बिरुवा तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर उम्मीदवार द्वारा महिलाओं के बीच चूड़ियां भी बांटी गई और चुनावी जिम्मेदारियों से उन्हें अवगत कराया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने कहा कि पूरी ईमानदारी के साथ काम करने का संकल्प लेकर आ रहा हूं। मैं कोई व्यक्तिगत लाभ लेने के लिए नहीं, बल्कि शहर की जो छोटी-छोटी समस्याएं हैं, उसका समाधान के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मेरी जीत आपकी जीत है। मैं नहीं आप चुनाव लड़ रहे हैं। सिर्फ उम्मीदवार के रूप में मेरा एक चेहरा सामने है। नगर पालिका का एजेंसी के माध्यम से कचरा की सफाई होता है। नगर की साफ-सफाई में नगर पालिका की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाह पदाधिकारी को पहले से भागना पड़ेगा। नगर को साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ मेरी नहीं आपकी भी है। उन्होंने कहा कि नगर की लीज नवीकरण एक से दो माह के भीतर हो जाएगा। जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले 30 साल का लीज होता था अब झारखंड सरकार द्वारा बढ़ाकर 60 साल किया गया है। राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार महिलाओं को सम्मान देने का काम कर रही है।


