झारखंड एकेडमिक काउंसिल:बोर्ड परीक्षा में 6 दिन शेष, इससे पहले एडमिट कार्ड बांटना व प्रश्नपत्रों को केंद्र तक पहुंचाना बड़ी चुनौती

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) को बुधवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल जाएगा। लेकिन, परीक्षा की तैयारी को लेकर आपाधापी मचेगी। क्योंकि मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2025 11 जनवरी से शुरू होनी है। इस बार राज्य के लगभग 8 लाख परीक्षार्थी (मैट्रिक के 4.33 लाख और इंटर के 3.49 लाख) शामिल होंगे। परीक्षा शुरू होने में मात्र 6 दिन का समय ही शेष है, ऐसे में जैक के सामने कई चुनौतियां भी हैं। इसमें 8 लाख परीक्षार्थियों तक परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड पहुंचाना, प्रश्नपत्र सेट को निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक भेजने की व्यवस्था करना, परीक्षा के बाद कॉपियों को मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाने की उचित व्यवस्था करना, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम को अंतिम रूप देना व अन्य कार्य शामिल हैं। इस बारे में जब शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सारे काम समय से पूरे हो जाएंगे। जैक अध्यक्ष की नियुक्ति होते ही सभी कार्य त्वरित गति से किए जाएंगे। निर्धारित शिड्यूल के अनुसार ही मैट्रिक व इंटर की परीक्षा होगी। रिजल्ट प्रकाशन भी समय से होगा। वे महत्वपूर्ण कार्य जो जैक अध्यक्ष के जिम्मे हैं… 1. मैट्रिक और इंटर बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी करना। 2. हर विषय का प्रश्नपत्र तीन सेट में तैयार किया जाता है। किस प्रश्नपत्र सेट को परीक्षा के लिए भेजा जाएगा, इसका चयन अध्यक्ष ही करते हैं। 3. प्रश्नपत्र को जिला कोषागार में किसके आदेश से भेजा जाएगा, इसकी जवाबदेही भी अध्यक्ष की होती है। 4. उत्तर पुस्तिका, रोल नंबर शीट और परीक्षा संबंधित गोपनीय कागजात को भेजने की जवाबदेही अध्यक्ष की है। 5. रेगुलेशन के अनुसार परीक्षा के समय आपात स्थिति में निर्णय लेने का अधिकार सिर्फ अध्यक्ष को। 6. उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए मॉडरेशन बोर्ड का गठन अध्यक्ष ही करते हैं। 7. परीक्षा के बाद प्रतिदिन उत्तर पुस्तिकाएं कहां भेजी जाएंगी, इसका निर्णय भी अध्यक्ष करते हैं। 8. मूल्यांकन कार्य कब से और कहां शुरू होगा, इसका निर्णय अध्यक्ष ही करते हैं। 9. मार्क्स फाइल डाटा सेंटर को भेजने के संबंध में भी निर्णय अध्यक्ष ही लेते हैं। 8वीं से 12वीं तक की परीक्षा में 21 लाख छात्र होंगे शामिल जैक द्वारा आठवीं, 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। सभी परीक्षाओं का एग्जाम शिड्यूल पहले ही घोषित किया जा चुका है। लेकिन, निर्धारित शिड्यूल से एडमिट कार्ड जारी नहीं होने के कारण आठवीं से 12वीं बोर्ड तक के 21 लाख परीक्षार्थियों की परीक्षा को लेकर संशय की स्थिति बनी है। हाईस्कूल और प्लस टू स्कूल के प्रिंसिपल भी असमंजस में हाईस्कूल और प्लस टू हाईस्कूल के प्रिंसिपल भी असमंजस की स्थिति में हैं। क्योंकि परीक्षा को लेकर प्रिंसिपल को अभी कई कार्य करने होते हैं। जैक द्वारा एडमिट कार्ड जारी होने के बाद 10वीं और 12वीं के सभी परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड डाउनलोड करना और हस्ताक्षर करना होगा। इसके बाद संबंधित छात्रों के बीच एडमिट कार्ड वितरण करना। इतना ही नहीं, उनके स्कूल में जिन परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनका सीट अरेजमेंट भी करना होगा। इन सभी कार्यों को समय पर पूरा करना आसान नहीं है। सीधी बात रामदास सोरेन, शिक्षा मंत्री परीक्षा समय पर होगी, रिजल्ट भी समय पर ही क्या मैट्रिक और इंटर की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हो पाएगी? -परीक्षाएं निर्धारित समय से आयोजित की जाएगी। रिजल्ट भी समय पर ही घोषित होगा। इसके लिए जैक की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। अब तक एडमिट कार्ड नहीं बंटने से परीक्षार्थियों के मन में संशय है? -परीक्षार्थी किसी तरह की संशय नहीं रखें। अपनी तैयारी पूरी करें। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नियुक्ति होते ही परीक्षा से जुड़े सारे कार्य त्वरित गति से किए जाएंगे। केंद्रों तक परीक्षा से संबंधित सामग्री जल्द ही पहुंच जाएगी। 8वीं और 9वीं बोर्ड की परीक्षा पहले टल चुकी है, कब होगी? -आठवीं-9वीं बोर्ड की परीक्षा तिथि भी जल्द घोषित की जाएगी। राज्य सरकार पूरी तरह छात्रों के प्रति संवेदनशील है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *