झारखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा। 22 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 23 जुलाई को पूरे राज्य में गरज-चमक के साथ वर्षा और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। चार दिन 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी 24 जुलाई से 27 जुलाई तक राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी और रामगढ़ शामिल हैं। 22 जुलाई को सबसे अधिक वर्षा दुमका में 91.6 मिमी दर्ज की गई। अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। तेज हवा के साथ गिर सकता है पारा मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 से 26 जुलाई के बीच कुछ जिलों में तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रांची, बोकारो, जमशेदपुर और दुमका सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। रांची में बीते 24 घंटे में 38.4 मिमी बारिश राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राजधानी रांची में सबसे अधिक 38.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की टर्फ रेखा फिलहाल श्रीगंगानगर से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है, जो झारखंड के कई हिस्सों से होकर गुजर रही है। निम्न दबाव क्षेत्र से बढ़ेगी बारिश उत्तर-पूर्व झारखंड और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। 24 जुलाई तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर नया लो प्रेशर एरिया विकसित हो सकता है, जिससे राज्य में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। रांची में बादल और बारिश का दौर रहेगा जारी रांची और आसपास के जिलों में 26 जुलाई तक अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। 27 और 28 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।


