भास्कर न्यूज | कथारा गोमिया के पूर्व विधायक डॉ.लंबोदर महतो ने सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह से मुलाकात कर ग्रामीण विस्थापितों सहित मजदूरों के समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की। रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय के दरभंगा हाउस में हुई इस मुलाकात में पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर ने सीएमडी से कोयला खदान शिक्षक मोर्चा के मांगों से अवगत कराते हुए वर्ष 2019 से काटे गए सभी यूनिट्स को विद्यालय के साथ वापस जोड़ने, कोल इंडिया के आदेश का अनुपालन करते हुए शिक्षकों के 2019 के समय से वेतन वृद्धि का एरियर बनाकर भुगतान करने, सीसीएल में डीएलएड किए शिक्षकों को बीटी के समक्ष प्रशिक्षित मानकर अनुदान में वृद्धि किए जाने सहित कथारा क्षेत्र के ग्रामीण विस्थापितों का जल्द पेप कार्ड जारी करने, सीसीएल कथारा कोलियरी माइंस में लगी भीषण आग पर नियंत्रण पाने की दिशा में ठोस कदम उठाने, क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों के कार्य में 75 प्रतिशत विस्थापितों को नौकरी देने, कथारा कोलियरी माइंस के बाउंड्री के बगल से झिरकी यादव एवं मुस्लिम टोला जाने वाले रास्ते की मरम्मत कराने कथारा चार नंबर कॉलोनी के शेष बचे हिस्से में नई पाइपलाइन लगाकर पानी सप्लाई की व्यवस्था करने, कथारा वाशरी के कोयला स्टॉक में लगी आग को बुझाने के लिए मुख्यालय एवं क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा पोकलेन आदि हैवी मशीनें उपलब्ध कराकर कोयला को जलने से बचाने, कथारा कोलियरी माइंस में हो रहे हैवी ब्लास्टिंग पर रोक लगाने व जांच समिति के माध्यम से हैवी ब्लास्टिंग से नुकसान हुए घरों को चिह्नित कर उनके मालिकों को उचित मुआवजा देने आदि बातों से अवगत कराया। जिस पर सीएमडी ने पूर्व विधायक को सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया। इस मौके पर आजसू नेता संतोष कुमार महतो मौजूद थे।


